भोपालमध्य प्रदेश

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से टकराई बारातियों की कार; 4 की मौत

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से टकराई बारातियों की कार; 4 की मौत

हादसे में दूल्हे के भाई की गर्दन कटी, ड्राइवर के नशे में होने का आरोप

इंदौर, यशभारत। इंदौर के देवगुराड़िया क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर के जश्न को चीख-पुकार में बदल दिया। आष्टा से दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों की क्वालिस कार आगे चल रहे एक आयशर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आयशर ट्रक (MP41-GA-0949) के चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने के बाद अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही क्वालिस (MP35-D-0363) का चालक संतुलन नहीं बना पाया और कार सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में फरहान (19) की गर्दन कटकर अलग हो गई, जिसने मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहला दिया।
15 मिनट पहले लगाया था आखिरी स्टेटस मृतकों में शामिल आरिस (20) ने रात 1:13 बजे ही अपने मोबाइल पर शादी का स्टेटस लगाया था। इसके महज कुछ ही मिनटों बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंची। अन्य मृतकों में इरफान (24) और फरहान (19) शामिल हैं, जबकि अरफाद (23) ने अस्पताल में दम तोड़ा।
नशे में था ड्राइवर, पुलिस पर भी आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था और लगातार लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। रास्ते में उसे टोकने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की। वहीं, घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर देरी से पहुंचने और बदसलूकी करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते मौके पर चक्काजाम की स्थिति भी बनी।
घायलों की स्थिति गंभीर
हादसे में घायल 8 लोगों में से 2 की हालत नाजुक बनी हुई है। 6 घायलों का उपचार एमवाय अस्पताल में चल रहा है, वहीं अन्य को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

शादी में शामिल होने गए थे। शादी के बाद लौट रहे थे, इसी फोटो को स्टेटस लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button