दिल्ली से जबलपुर पहुंची पमरे की ओवरऑल दक्षता शील्ड, गर्मजोशी से हुआ स्वागत
उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला

जबलपुर यशभारत । पश्चिम मध्य रेलवे को वर्ष 2025 के लिए प्रदान की गई प्रतिष्ठित ओवरऑल दक्षता शील्ड आज सुबह गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली से जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर रेलवे स्कूल से लेकर पमरे मुख्यालय तक आरपीएफ के बैंड बाजा के साथ भव्य स्वागत किया गया। शील्ड मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेल संगठनों ने शील्ड का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों और तालियों के बीच शील्ड को सम्मानपूर्वक मुख्यालय परिसर में लाया गया। उल्लेखनीय है कि ओवरऑल दक्षता शील्ड रेलवे बोर्ड द्वारा विभिन्न मंडलों और जोनों के प्रदर्शन के आधार पर दी जाती है। इसमें परिचालन, सुरक्षा, समयपालन, माल एवं यात्री परिवहन, वित्तीय प्रबंधन तथा यात्री सुविधाओं जैसे प्रमुख मानकों पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है। इन सभी कसौटियों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने यह उपलब्धि हासिल की है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय पमरे के सभी रेलकर्मियों को देते हुए कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और सतत सुधार की भावना के कारण ही यह मुकाम संभव हो सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी पमरे इसी तरह बेहतर सेवाएं देकर यात्रियों का विश्वास बनाए रखेगा। कर्मचारियों में शील्ड मिलने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। अनेक कर्मचारियों ने इसे अपने परिश्रम की पहचान बताते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
ओवरऑल दक्षता शील्ड का जबलपुर पहुंचना न केवल पश्चिम मध्य रेलवे के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह क्षेत्रीय रेल सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को भी दर्शाता है।
बता दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 के अंतर्गत इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि) द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल को ओवरऑल दक्षता शील्ड (पंडित गोविन्द बल्लभ पंत) एवं बिक्री प्रबंधन शील्ड सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रदान की I पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय एवं अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने गोविन्द बल्लभ पंत शील्ड ग्रहण की और साथ ही बिक्री प्रबंधन शील्ड महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय एवं प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता ने प्राप्त की। इसके साथ ही व्यक्तिगत श्रेणी में पश्चिम मध्य रेल से पियूष शर्मा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य हेतु अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया I






