जबलपुर में ‘अधिवक्ता खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ, विवेक तंखा ने किया उद्घाटन

जबलपुर यश भारत। मध्य प्रदेश राज्य, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में, मध्य प्रदेश अधिवक्ता क्रीड़ा परिषद द्वारा ‘अधिवक्ता खेल महाकुंभ’ का भव्य आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ पीएम श्री शासकीय महाकौशल महाविद्यालय के खेल परिसर में हुआ।
राज्यसभा सांसद श्री विवेक कृष्ण तंखा ने रिबन काटकर इस गरिमापूर्ण प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। अपने संबोधन में, श्री तंखा ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जबलपुर को न्यायधानी और संस्कारधानी होने के साथ-साथ इस तरह के खेल महाकुंभ के आयोजन से ‘खेलधानी’ होने का भी गौरव प्राप्त होता है।

खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन:
शुभारंभ समारोह के तुरंत बाद, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें पावरलिफ्टिंग, बेंच प्रेस, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल जैसे खेल शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में महिला एवं पुरुष वर्ग के अधिवक्ता खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मंच पर गणमान्य उपस्थिति:
इस अवसर पर मंच पर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डीके जैन, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा, महाकौशल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अल्केश चतुर्वेदी, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिशिर नेमा, और स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. ज्योति आसीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता क्रीड़ा परिषद के संस्थापक डॉ. प्रशांत मिश्रा द्वारा किया गया।








