
सुप्रीम कोर्ट में केस वापसी के बाद विवेक तन्खा और शिवराज चौहान की संसद परिसर में मुलाकात
जबलपुर, यश भारत । मध्यप्रदेश के राज्यसभा सांसद एवं सीनियर वकील विवेक तन्खा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट में उनके द्वारा दायर सभी प्रकरण वापस लिए जाने के बाद उनकी पहली औपचारिक मुलाकात केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से संसद परिसर में हुई।
विवेक तन्खा ने पोस्ट में लिखा कि यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई और उन्होंने मध्यप्रदेश को मित्रता और शिष्टता के भाव का प्रदेश बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी को बड़े दिल से व्यवहार करना चाहिए और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवाद और सम्मान की परंपरा बनी रहनी चाहिए।
तन्खा ने यह भी संकेत दिया कि न्यायालयीन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आपसी संवाद की यह पहल सकारात्मक राजनीतिक संस्कृति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मध्यप्रदेश की राजनीतिक परंपरा को सहयोग और सद्भाव का प्रतीक बताते हुए सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और संवेदनशीलता को आवश्यक बताया।







