
पणजी। गोवा में दो रूसी महिलाओं की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तरी गोवा के मोरजिम और अरम्बोल गांवों में हुई इन हत्याओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में एक रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पहली वारदात 14 जनवरी को मोरजिम गांव में हुई। मांड्रेम थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने मोरजिम स्थित अपने कमरे में 37 वर्षीय रूसी महिला एलेना वानीवा की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। मकान मालकिन की शिकायत के अनुसार, यह घटना रात करीब 11 बजे के बाद की है।
दूसरी घटना 15 जनवरी की शाम को सामने आई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी करीब आठ किलोमीटर दूर अरम्बोल गांव पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी दोस्त 37 वर्षीय एलेना कास्थानोवा से मुलाकात की। आरोपी ने पहले उसे रस्सी जैसी सामग्री से बांधा और फिर बेरहमी से उसका गला रेत दिया।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव शुक्रवार को बरामद कर लिए हैं। आरोपी एलेक्सी लियोनोव को मांड्रेम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। दोहरे हत्याकांड के पीछे के कारणों की जांच जारी है।
पहले भी विवादों में रहा गोवा
उल्लेखनीय है कि हाल ही में गोवा एक अन्य बड़ी घटना को लेकर भी चर्चा में रहा था। दिसंबर में गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। जांच में क्लब प्रबंधन द्वारा नियमों की अनदेखी सामने आई थी, जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने गोवा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







