यूट्यूब टास्क और पार्सल के नाम पर शहर के दो लोगों से 2.89 लाख की ठगी

यूट्यूब टास्क और पार्सल के नाम पर शहर के दो लोगों से 2.89 लाख की ठगी
भोपाल, यशभारत। राजधानी में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग वारदातों में एक होटल मैनेजर और एक कपड़ा व्यापारी को अपना शिकार बनाया है। ठगों ने ‘यूट्यूब टास्क’ और ‘पार्सल डिलीवरी’ के नाम पर कुल 2.89 लाख रुपये पार कर दिए।
केस 1: यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने के नाम पर 1.70 लाख की चपत
कोहेफिजा निवासी 23 वर्षीय विनय लालवानी, जो एक होटल में सेल्स मैनेजर हैं, को एक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़कर यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने का टास्क दिया गया। शुरुआत में उन्हें 150 रुपये और फिर 1040 रुपये देकर भरोसा जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर बड़े निवेश का झांसा दिया। विनय ने अलग-अलग किस्तों में 1.70 लाख रुपये जमा कर दिए, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने चाहे तो उनसे और रकम की मांग की गई। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने कोहेफिजा थाने में मामला दर्ज कराया।
केस 2: ऐप डाउनलोड करते ही व्यापारी के खाते से उड़े 1.19 लाख
कोलार रोड के कपड़ा व्यापारी नरेंद्र नारंग (66) को ठगों ने पार्सल डिलीवरी के नाम पर निशाना बनाया। ठग ने खुद को कस्टमर सपोर्ट बताते हुए कहा कि उनके पार्सल का पता अधूरा है और उसे ठीक करने के लिए एक APK फाइल (ऐप) डाउनलोड करने को कहा। नरेंद्र ने जैसे ही लिंक से ऐप डाउनलोड किया, कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 1.19 लाख रुपये निकल गए।







