टीटीई के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
जन्मदिन मनाने के लिए वारदात को दिया था अंजाम

जबलपुर,यशभारत। 25 दिसंबर की रात शहर में हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी नाबालिग हैं, जबकि तीसरा आरोपी अमन अहिरवार निवासी गोकलपुर बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीनों स्कूटी सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर पहले मनोज कुशवाहा से 5 हजार रुपये की लूट की थी। इसके बाद केंट थाना क्षेत्र में टीटीई जितेंद्र कुशवाहा को निशाना बनाते हुए उनसे 900 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया गया था। दोनों घटनाओं के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जिसमें से दो नाबालिग शामिल हैं
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अगले महीने एक आरोपी का जन्मदिन था, जिसे “बड़े तरीके” से मनाने और कई केक काटकर रील बनाने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसी वजह से उन्होंने लूट की वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम और मोबाइल बरामद कर लिया है। नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए संबंधित बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं आरोपी अमन अहिरवार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।







