साइबर ठगी की रकम को लेकर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर रात भर पीटा

साइबर ठगी की रकम को लेकर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर रात भर पीटा
भोपाल, यशभारत। ऑनलाइन गेमिंग की अवैध रकम के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में साइबर ठगों ने एक ट्रक चालक को विदिशा से अगवा कर लिया और रातभर बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोपी उसे एक ऑडी कार में पीटते हुए भोपाल लाए। मिसरोद क्षेत्र में मौका पाकर चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिसरोद थाना टीआई रतन सिंह परिहार ने बताया कि फरियादी सुनील मालवीय (भानपुरा, मंदसौर) खुद का ट्रक चलाता है। तीन माह पहले उसकी मुलाकात राजस्थान निवासी हरिओम वैणव से हुई थी। हरिओम ने सुनील को बताया था कि वह ऑनलाइन गेमिंग का पैसा दूसरे खातों में ट्रांसफर कराता है, जिसके एवज में खाताधारक को 5,000रुपए मिलेंगे।
पुलिस के अनुसार, 12 दिन पहले हरिओम ने सुनील के खाते में 4लाख रुपए ट्रांसफर किए। रकम आते ही ट्रक की फाइनेंस किश्त के 1 लाख रुपए कट गए। सुनील ने बची हुई 3 लाख रुपए की रकम हरिओम के बताए खाते में ट्रांसफर कर दी और अपनी समस्या भी बता दी।
एक लाख की वसूली के लिए बुलाया विदिशा
1लाख रुपए कम मिलने पर आरोपियों ने सुनील पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। बुधवार रात उन्होंने सुनील को 1 लाख रुपए लौटाने के लिए विदिशा बुलाया। सुनील अपने साथी लखन के साथ विदिशा के एक होटल पहुंचा, जहां हरिओम और उसके साथियों ने दोनों को बंधक बना लिया और बुरी तरह पीटा। गुरुवार सुबह, आरोपी सुनील और लखन को एक ऑडी कार में डालकर भोपाल लाए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि विदिशा से भोपाल आते समय रास्ते भर उसके साथ मारपीट की गई, डंडे, बेल्ट से पीटा गया और हथियार दिखाकर धमकाया गया। आरोपी लगातार परिजनों से फोन पर 1लाख रुपए भोपाल लाकर देने की मांग कर रहे थे।शोर मचाने पर भागे आरोपी उन्हें मिसरोद की एक कॉलोनी में लेकर पहुंचे।
इसी दौरान मौका पाकर सुनील कार से उतर गया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आस-पास के लोगों ने मदद की, जिसके बाद आरोपी अपनी ऑडी कार छोड़कर मौके से भाग निकले। पीड़ित ने डायल 112पर कॉल किया, जिसके बाद मिसरोद पुलिस मौके पर पहुंची। दिनभर की जांच के बाद देर रात आरोपियों, जिनमें मुख्य रूप से हरिओम वैणव शामिल है, के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े इस वसूली रैकेट की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।






