बड़े तालाब में कूदकर जान देने की कोशिश, नगर निगम के गोताखोरों ने बचाया

बड़े तालाब में कूदकर जान देने की कोशिश, नगर निगम के गोताखोरों ने बचाया
भोपाल, यशभारत। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति ने आत्मघाती कदम उठाते हुए पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां मुस्तैद भोपाल नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम के गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और डूबते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम के गोताखोर मोहम्मद मज़हर और शेख आसिफ ने जैसे ही व्यक्ति को तालाब में कूदते देखा, उन्होंने बिना समय गंवाए पानी में छलांग लगा दी। लहरों के बीच संघर्ष कर रहे व्यक्ति को इन दोनों जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद किनारे तक पहुँचाया।
पुलिस को सौंपा गया
सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद नगर निगम की टीम ने उक्त व्यक्ति को थाना तलैया पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि व्यक्ति ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। फिलहाल व्यक्ति की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।







