एमपी नगर जोन-2 में ट्रांसफॉर्मर में धमाका, फॉर्च्यूनर कार जलकर खाक

एमपी नगर जोन-2 में ट्रांसफॉर्मर में धमाका, फॉर्च्यूनर कार जलकर खाक
भोपाल, यश भारत । शहर के एमपी नगर जोन-2 क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से हड़कंप मच गया। धमाके की चपेट में पास में खड़ी फॉर्च्यूनर कार आ गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर में पहले स्पार्किंग हुई और उसके बाद तेज धमाका हुआ। ट्रांसफॉर्मर में तेल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार ट्रांसफॉर्मर के बेहद करीब और बिल्डिंग से सटी खड़ी थी, जिससे आग की लपटें बिल्डिंग तक पहुंच गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। लोगों ने सुबह करीब 10:35 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुल बोगदा और माता मंदिर फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। तब तक आग से बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर का मुख्य गेट जल गया और पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया था। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि आग में जली फॉर्च्यूनर सेकेंड हैंड थी, जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपए आंकी जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।






