दर्दनाक हिट एंड रन: मृतकों की संख्या हुई 5,नाराज़ लोगो ने घटनास्थल पर दिया धरना
हादसे के बाद से आरोपी चालक फरार

जबलपुर, यशभारत। बरेला क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले हिट एंड रन हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है। इस भीषण दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जबकि कई मजदूर अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हादसे के बाद से आरोपी चालक फरार है और मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। बरेला सड़क हादसे के बाद दूसरे दिन मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम की मांग की। धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।
हादसे में पांच महिलाओं की मौत
रविवार दोपहर बरेला से जबलपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने सड़क किनारे बैठे 13 मजदूरों को कुचल दिया। मौके पर ही चैनवती बाई (40) और लच्छो बाई (40) की मौत हो गई थी। वहीं देर रात इलाज के दौरान गोमता बाई (40), वर्षा कुशराम (45) और कृष्णा बाई (40) ने भी दम तोड़ दिया।
सड़क किनारे भोजन कर रहीं थीं मजदूर महिलाएं
मृतक और घायल सभी महिलाएं मंडला जिले के बम्होरी गांव की निवासी थीं। वे पिछले डेढ़ महीने से एनएचएआई के तहत जबलपुर के एकता चौक के पास डिवाइडर में लगी लोहे की जालियों की सफाई का कार्य कर रही थीं। हादसे के वक्त वे सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन की पहचान, आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल रेनाल्ट कार क्रमांक एमपी 20 एसबी 1460 सिहोरा निवासी दीपक सोनी के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। एएसपी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।







