भोपालमध्य प्रदेश

अब चेतक ब्रिज के नीचे लगेगा ट्रैफिक सिग्नल, किरायेदारों का वेरिफिकेशन भी हुआ अनिवार्य

अब चेतक ब्रिज के नीचे लगेगा ट्रैफिक सिग्नल, किरायेदारों का वेरिफिकेशन भी हुआ अनिवार्य

भोपाल,यशभारत। राजधानी के गोविंदपुरा क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर थाने में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने जनसंवाद कर नागरिकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब किरायेदारों और हॉस्टल में रहने वालों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।

शहर की यातायात व्यवस्था पर चर्चा करते हुए सीपी संजय कुमार ने चेतक ब्रिज के नीचे ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि वहां लगने वाले जाम से जनता को राहत मिल सके। इसके साथ ही गोडाउन के कारण सड़कों पर खड़े होने वाले भारी ट्रकों के प्रबंधन के लिए ठोस योजना बनाने की बात कही। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्मोकिंग करने वालों पर सख्ती की जाए, क्योंकि इससे महिला यात्रियों और राहगीरों को असहजता होती है।
क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों और सुसाइड पॉइंट पर अंधेरे का लाभ उठाकर होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, बस्तियों और कॉलोनियों के पास स्थित होटलों की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।

जनसंवाद के दौरान पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे नशे के कारोबार और अवैध हथियारों से जुड़ी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। कार्यक्रम में नागरिकों को ट्रैफिक नियमों की शपथ दिलाने के साथ ही साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी सिखाए गए। आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर कॉल करने का आह्वान करते हुए सीपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को सभी शिकायतों के त्वरित निराकरण के आदेश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button