यातायात पुलिस का ‘हेलमेट-रॉन्ग साइड’ पर एक दिन में 391 चालान कटे, 2.54 लाख जुर्माना

यातायात पुलिस का ‘हेलमेट-रॉन्ग साइड’ पर एक दिन में 391 चालान कटे, 2.54 लाख जुर्माना
भोपाल, यशभारत। राजधानी की यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू किया। पहले ही दिन की चेकिंग में पुलिस ने 391 चालान बनाकर 2,54,000/- का समन शुल्क वसूला।
यह अभियान विशेष रूप से दो-पहिया वाहन चालकों पर केंद्रित था, जिसमें हेलमेट न पहनने (चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों), रॉन्ग साइड ड्राइविंग, और वाहन बीमा न होने पर कार्रवाई की गई।
डीसीपी ट्राफिक जितेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा चारों ज़ोन के 21 स्थानों पर एसीपी के पर्यवेक्षण में चेकिंग की गई। सबसे अधिक 180 चालान हेलमेट धारण न करने के लिए काटे गए। इसके अलावा, 25 चालान रॉन्ग साइड वाहन चलाने और 30 चालान ब्लैक फिल्म के लिए किए गए।
पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि नागरिक अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।







