अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, यश भारत। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
जहर खाने से व्यक्ति की मौत
मिसरोद थाना क्षेत्र में जहर खाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम पी. यश चौहान (55) था। बताया जा रहा है कि जहर खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए नेशनल अस्पताल ले गए थे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर में फांसी लगाकर युवक ने दी जान
निशातपुरा थाना क्षेत्र के पूजा कॉलोनी, करोंद में एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दर्शन सिंह अहिरवार (44) पिता रघुवीर सिंह अहिरवार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने लगाई फांसी
इटखेड़ी थाना क्षेत्र के परियाखेड़ा गांव में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम नंदराम अहिरवार (57) बताया गया है। परिजनों के अनुसार वह पिछले करीब छह माह से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। देर रात उन्होंने घर के गेट से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के तीन बेटे कल्लूराम, मोनू और सोनू अहिरवार हैं, जिनमें बड़ा बेटा मजदूरी करता है। पत्नी का नाम सुखिया बाई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।






