
पेट्रोल टेंकर में छिपाकर ला रहे थे गांजा, 3 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, यश भारत। क्राइम ब्रांच और थाना खितौला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 किलो ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टेंकर के जरिए गांजा जबलपुर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पान उमरिया रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध टेंकर को रोका गया। तलाशी के दौरान टेंकर में सवार तीनों आरोपियों के पास से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल, 700 रुपये नगद और टेंकर वाहन भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।







