भोपाल के AIIMS और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

भोपाल के AIIMS और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के दो प्रतिष्ठित संस्थानों-एम्स अस्पताल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में दोनों परिसरों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
ईमेल से मिली सामूहिक धमकी
मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों द्वारा एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया कि संस्थानों के परिसर में विस्फोटक रखे गए हैं। ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आए। एसीपी रजनीश काश्यप और बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत एम्स अस्पताल पहुंचे।
सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था
एम्स जैसे संवेदनशील स्थान पर धमकी मिलने के बाद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
बम स्क्वायड की तैनाती: बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें एम्स के हर वार्ड, पार्किंग और ओपीडी ब्लॉक की सघन तलाशी ले रही हैं।
पीपुल्स यूनिवर्सिटी में अलर्ट: करोंद स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और वहां भी तलाशी अभियान जारी है।
इनका कहना है…
प्राथमिकता सुरक्षा और शांति बनाए रखना है। साइबर सेल की मदद से उस ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है, जहां से यह धमकी भेजी गई थी। हम हर संदिग्ध वस्तु की जांच कर रहे हैं। जनता से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
एसीपी रजनीश काश्यप







