जबलपुरमध्य प्रदेश

राशन वितरण बंद होने से हजारों कार्डधारक प्रभावित, कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन

खाली बोरियां लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे लोग

जबलपुर, यश भारत। जिले में राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को राशन दुकानदारों और कार्डधारकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खाली बोरियां लेकर सांकेतिक विरोध जताया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जनसेवक अधिवक्ता रोहित कुरील ने बताया कि अप्रैल माह का राशन वितरण 30 अप्रैल तक होना था, लेकिन इसे 15 अप्रैल तक ही सीमित कर दिया गया। 16 अप्रैल से वितरण अचानक बंद कर दिया गया, जिससे 32 हजार से अधिक कार्डधारक राशन से वंचित रह गए। उनके अनुसार डेढ़ से दो लाख हितग्राही इस अव्यवस्था से प्रभावित हुए हैं।

मई और जून का राशन भी मिलना था अप्रैल में

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि राशन वितरण केवल 15 तारीख तक ही किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अप्रैल में अचानक एक आदेश जारी कर मई और जून का राशन भी इसी महीने देने की बात कही गई, जबकि अप्रैल का राशन ही पूरी तरह वितरित नहीं हो पाया।

मशीनें बंद रहने से खाली हाथ लौटना पड़ा

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अप्रैल का शेष राशन तुरंत वितरित किया जाए और मई-जून का राशन अपने निर्धारित समय पर ही दिया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, लोगों ने यह भी शिकायत की कि तकनीकी खामियों के चलते मशीनें बंद रहने से कई बार राशन दुकानों से खाली हाथ लौटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जिम्मेदारी तय करने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button