सड़क हादसे में जान गंवाने वालों को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
उज्जैन दर्शन के बाद खाटूश्याम जा रहे थे

जबलपुर, यशभारत। राजस्थान के चाकसू में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों और एक शिक्षिका के शव रविवार देर रात जबलपुर पहुंचे। जैसे ही एंबुलेंस शहर में दाखिल हुई, मृतकों के परिजनों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी। घरों के बाहर मातम पसरा रहा और हर तरफ चीख-पुकार व चीत्कार का मार्मिक दृश्य देखने को मिला। सोमवार सुबह सभी पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही अर्थियां उठीं, परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। नम आंखों और भारी मन से अपनों को अंतिम विदाई दी गई। क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
पोस्टमार्टम के बाद एक साथ रवाना हुए शव
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन शनिवार देर रात राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। रविवार को चाकसू में ही पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे एक एंबुलेंस से शवों को जबलपुर के लिए रवाना किया गया, जो देर रात शहर पहुंचे।
उज्जैन दर्शन के बाद खाटूश्याम जा रहे थे
जानकारी के अनुसार नक्षत्र नगर माढ़ोताल निवासी 55 वर्षीय शिक्षिका रेशमा श्रीवास्तव अपने मुंहबोले भतीजे और अन्य युवकों के साथ 12 फरवरी को दर्शन के लिए उज्जैन गई थीं। वहां बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सभी लोग खाटूश्याम के लिए रवाना हुए थे। शनिवार तड़के भारत के राजस्थान राज्य में नेशनल हाईवे-52 पर उनकी कार एक ट्राला से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।







