गांडा की महिला विदेश से लाकर भारत में करती थी ड्रग्स सप्लाई

गांडा की महिला विदेश से लाकर भारत में करती थी ड्रग्स सप्लाई
– डीआरआई की टीम की जांच में हुआ बड़ा खुलासा
– 26 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा
भोपाल यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की गिरफ्त में आई युगांडा की महिला अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच टीम को ड्रग्स तस्कर के पास से दो पासपोर्ट मिले हैं। इन्हीं पासपोर्ट के जरिए वह विदेश से ड्रग्स लेकर आती थी और भारत समेत अन्य जगहों पर सप्लाई करती थी। डीआरआई टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर 21 दिन पहले युगांडा की नाकिजीओ जोन उर्फ नायुंगा जारिया को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 368.90 ग्राम मेथामफेटामाइन और 147.40 ग्राम कोकीन बरामद की गई थी।
दो पासपोर्ट से खुला फर्जी पहचान का खेल
जांच के दौरान महिला के पास से दो अलग-अलग पासपोर्ट बरामद हुए। इससे डीआरआई को संदेह है कि महिला लंबे समय से फर्जी नाम और पहचान के सहारे कई देशों की यात्रा कर ड्रग्स तस्करी करती रही है। पासपोर्ट की जांच से उसके विदेशी नेटवर्क और यात्रा इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुंबई के विदेशी गिरोह से संबंध
डीआरआई की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि महिला मुंबई में सक्रिय एक विदेशी महिला ड्रग तस्कर गिरोह के लिए काम करती थी। वह विभिन्न देशों से ड्रग्स लाकर भारत में सप्लाई करती थी। यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय पर फैला हुआ है और कई देशों के नागरिक इसमें शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी देश में सक्रिय विदेशी ड्रग नेटवर्क तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती है।
26 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा
प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी नाबायुंगा जारिया को न्यायालय में पेश किया गया, जहां भोपाल जिला न्यायालय ने 26 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डीआरआई के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला स्थानीय स्तर से कहीं बड़ा है और एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट की कड़ी को उजागर करता है। एजेंसियां अब मुंबई सहित अन्य शहरों में भी इस नेटवर्क की जांच तेज कर रही हैं। महिला के पास मिले दो पासपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ और डिजिटल डेटा की पड़ताल से ड्रग रैकेट के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों के बारे में भी जानकारी मिलेगी।







