हाईकोर्ट चौराहे पर ‘सब्जी बाजार’ बना सिरदर्द: ट्रैफिक जाम, हादसों का बढ़ता खतरा
प्रशासन मौन

जबलपुर, यशभारत। शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में शामिल हाईकोर्ट चौराहे की व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। शाम होते ही यह क्षेत्र सब्जी बाजार में तब्दील हो जाता है, जहां लाउड स्पीकर लगाकर आलू-प्याज सहित अन्य सब्जियों की खुलेआम बिक्री की जा रही है—वह भी उस इलाके में जिसे ‘शांत क्षेत्र’ घोषित किया गया है।
जबलपुर हाईकोर्ट चौराहा के पास यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कलेक्ट्रेट गेट नंबर-5 के सामने फुटपाथ पर दिनभर जूते-चप्पलों की अस्थायी दुकानें लगी रहती हैं। वहीं शाम होते-होते आधा दर्जन से अधिक ऑटो चालक सब्जियां लेकर पहुंच जाते हैं और तेज आवाज में बिक्री शुरू कर देते हैं।
सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण यहां रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। इससे न केवल आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस अव्यवस्था के चलते कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
सूत्रों के अनुसार, इन अस्थायी दुकानों से कथित रूप से अवैध वसूली भी की जा रही है, जिसके चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि हाईकोर्ट और कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों के सामने नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।







