केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला ₹1.60 लाख करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी रेलवे, हाईवे, मेट्रो और शहरी विकास को बढ़ावा, कौशल विकास पर भी ₹60 हजार करोड़ का फोकस

केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला ₹1.60 लाख करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
रेलवे, हाईवे, मेट्रो और शहरी विकास को बढ़ावा, कौशल विकास पर भी ₹60 हजार करोड़ का फोकस
भोपाल यश भारत, /नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग मेट्रो और शहरी विकास से जुड़े करीब ₹1,60,504 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में नई रेल लाइनों का निर्माण, बड़े ब्रिज और शहरी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर रहेगा। सरकार के इस फैसले से देशभर में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। साथ ही, निर्माण कार्यों के दौरान बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।कौशल विकास को भी मिली बड़ी ताकत , कैबिनेट ने युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आईटीआई और कौशल विकास के क्षेत्र में लगभग ₹60,000 करोड़ की महत्वाकांक्षी योजना को भी हरी झंडी दी है। इस योजना के तहत 1,000 सरकारी आईटीआई संस्थानों का आधुनिकीकरण किया जाएगा जबकि पांच राष्ट्रीय कौशल संस्थानों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में करीब 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देकर कुशल बनाया जाए जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। विकास और रोजगार पर फोकस,विशेषज्ञों के अनुसार इन फैसलों से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई गति मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही कौशल विकास योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।






