नगर निगम ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजऱ – ठेले, दुकानें, गुमठी जब्त कर किया जुर्माना

नगर निगम ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजऱ
– ठेले, दुकानें, गुमठी जब्त कर किया जुर्माना
भोपाल यशभारत। नगर निगम भोपाल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की मुहिम लगातार जारी है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कई इलाकों में व्यापक अभियान चलाकर सडक़, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा जमाए हुए ठेले, गुमठी, पान पार्लर, सब्जी एवं टेडीबियर की दुकानें सहित अन्य अवैध संरचनाओं को हटाया। इस दौरान निगम टीम ने बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त करते हुए कई स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त कराया। अभियान सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर चलाया गया। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर टीमों ने एक साथ कई हिस्सों में मोर्चा संभाला। कोलार डीमार्ट, खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र, आलोकधाम, सौम्या कॉलोनी, दानिश चौराहा, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड-01, 10 नंबर स्टॉप, आकृति ईको सिटी, पुरानी सब्जी मंडी, चौक बाजार, लखेरापुरा और हमीदिया रोड जैसे इलाकों में दिनभर कार्रवाई चलती रही।
रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-01 और 06 पर भी अवैध अतिक्रमण हटाए गए। अशोका गार्डन क्षेत्र में नाले के ऊपर बने लोहे के अवैध जीने को तोड़ा गया, जबकि कोलार-दानिश चौराहा क्षेत्र से 1 गन्ने की गाड़ी सहित कई अवैध दुकानें हटाई गईं। टीम ने दुकानों के बाहर रखे काउंटर, बोर्ड, स्टैंड, टेबल, बेंच आदि को भी जब्त किया।
निगम दस्ते को कई स्थानों पर सडक़ और फुटपाथ पर फैले ठेलों और सामान के कारण आवागमन बाधित मिलता था। निगम अधिकारियों ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजऱ यह कार्रवाई आवश्यक थी, ताकि यातायात सुचारू रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो। टीम ने स्थानीय लोगों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी।
दिनभर चले इस अभियान में निगम अमले ने 09 ठेले, 04 टेबल, 03 बेंच, 01 कुर्सी, 01 स्टूल, 09 स्टैंड बोर्ड/बोर्ड फ्रेम, 03 बोरे टेडीबियर, 01 मुर्गे का पिंजरा समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निगम शहर में अतिक्रमण मुक्त अभियान को निरंतर जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में दिनभर हलचल रही। जहां कई नागरिकों ने अतिक्रमण हटने से राहत महसूस की, वहीं प्रभावित दुकानदारों ने नाराजगी भी जताई। हालांकि निगम का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्ज़ा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अभियान नियमित रूप से चलता रहेगा, ताकि शहर की साफ-सुथरी और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनी रहे।
कार्रवाई की जा रही है
अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अमले को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं, इन कार्रवाई की लगातार मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं।
– संस्कृति जैन, कमिश्नर, नगर निगम भोपाल







