बदमाशों ने कार में ले जाकर युवक को बेल्ट और डंडों से पीटा; बहन को फोन कर बोले- भाई का एक्सीडेंट हो गया

बदमाशों ने कार में ले जाकर युवक को बेल्ट और डंडों से पीटा; बहन को फोन कर बोले- भाई का एक्सीडेंट हो गया
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार इलाके में बदमाशों के दुस्साहस का एक मामला सामने आया है। यहाँ एक गार्मेंट्स शॉप में काम करने वाले 22 वर्षीय युवक दिनेश अहिरवार का बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेल्ट, डंडों और लात-घूसों से इस कदर पीटा कि वह अधमरा हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने युवक को अस्पताल पहुँचाया और परिजनों को एक्सीडेंट होने की झूठी सूचना देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित दिनेश अहिरवार 4 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे बांसखेड़ी पुलिया के पास से पैदल गुजर रहा था। तभी निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान और उनके साथियों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने दिनेश को धमकाते हुए कहा कि, तू विशु शर्मा के साथ क्यों घूमता है? हमारी उससे पुरानी रंजिश है, अब उसकी दोस्ती का खामियाजा तुझे भुगतना होगा। इसके बाद उसे जबरन कार में डालकर सोम्या ग्रीन सिटी के पास सुनसान मैदान में ले जाया गया।
हाथ की उंगलियां टूटीं, शरीर पर गहरे जख्म
आरोपियों ने दिनेश पर दो घंटे तक रहम नहीं किया। लगातार मारपीट से दिनेश बेहोश हो गया। डॉक्टरों के मुताबिक, मारपीट में दिनेश के हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर हुआ है और पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। जब दिनेश बेसुध हो गया, तो आरोपी उसे कोलार रोड स्थित सीएचसी अस्पताल छोड़ आए और उसके मोबाइल से ही बहन शिवानी को फोन कर दुर्घटना की झूठी खबर दी।
पुलिस ने दर्ज की नामजद FIR
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि दिनेश के बयानों के आधार पर निक्की शुक्ला, आकाश, तिलक, दिव्यांशु, नन्नू, अजय, अमन और अनस खान के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।







