पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दिल्ली AIIMS में भर्ती, दो बार बेहोश होने के बाद लाया गया अस्पताल

नई दिल्ली,एजेंसी। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी की तड़के करीब साढ़े तीन बजे वह अपने आवास के बाथरूम में अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह दो बार अचेत हुए।
अधिकारियों ने बताया कि धनखड़ को जांच के लिए एम्स ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका एमआरआई किया और एहतियातन अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। वह रातभर एम्स में चिकित्सकीय निगरानी में रहे, जबकि अन्य जरूरी जांचें मंगलवार को की जानी हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब जगदीप धनखड़ को इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी वह कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कई बार बेहोश हो चुके हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले भी हृदय संबंधी बीमारी के चलते उन्हें पिछले वर्ष एम्स में भर्ती कराया गया था।







