सफेद चूरन’ का सरगना पकड़ा गया: 6 करोड़ की ड्रग्स के साथ लग्जरी कार में घूम रहा था ढाबेवाला
दो बड़े बैगों में 60 पैकेट चरस मिली.

सफेद चूरन’ का सरगना पकड़ा गया: 6 करोड़ की ड्रग्स के साथ लग्जरी कार में घूम रहा था ढाबेवाला
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस को ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने एक आरोपी को 6 करोड़ 21 लाख रुपये से ज़्यादा की 30 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो कुछ साल पहले तक एक छोटा सा ढाबा चलाता था.

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी खेप लेकर कोटा-झांसी फोरलेन पर पहुंचने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और मझेरा गांव के पास आरोपी संदीप सिंह को उसकी नई किओ कार के साथ दबोच लिया. जब पुलिस ने उसकी गाड़ी की तलाशी ली, तो दो बड़े बैगों में 60 पैकेट चरस मिली.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संदीप का यह ड्रग्स कनेक्शन नेपाल से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, नेपाल से यह चरस टमाटर से भरे एक ट्रक में छिपाकर भारत लाई गई थी. पुलिस का कहना है कि संदीप ने चरस की डिलीवरी के लिए ही हाल ही में यह नई लग्जरी कार खरीदी थी.
यह बात चौंकाने वाली है कि कोरोना के समय में एक ढाबा चलाने वाला संदीप कुछ ही समय में इतना अमीर कैसे हो गया. उसने हाल ही में एक लग्जरी गाड़ी भी खरीदी थी. पुलिस अब उसकी संपत्ति की जांच कर रही है ताकि उसके अवैध साम्राज्य का पूरा खुलासा हो सके.
ड्रग्स के खिलाफ शिवपुरी पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, लेकिन लगातार ड्रग्स की बरामदगी इस बात का संकेत है कि शिवपुरी ड्रग्स तस्करी का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है.







