सिद्व नगर की पहाड़ी अचानक धधक उठी, लोगों में मची दहशत
बर्न कंपनी के पीछे फिर लगी आग

सिद्व नगर की पहाड़ी अचानक धधक उठी, लोगों में मची दहशत
जबलपुर, यशभारत। मेडिकल सिद्वनगर की पहाड़ी में आज सुबह अचानक आग धधक उठी, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। यह देखकर पहाड़ी के नीचे रहवासी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम फायर बिग्रेेड को दी, मौके पर पहंुचे फायर बिग्रेड कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
सिद्वनगर मेडिकल निवासी शुभम चक्रवती ने बताया कि दो पहाड़ियों के बीच पहले तो हल्की-हल्की आग जल रही थी, कुछ देर बाद देखा तो वहीं आग ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते आग रहवासी क्षेत्र की तरफ आने लगी। सुबह करीब 4 बजे आग के विकराल रूप को देखकर क्षेत्रीय लोग भयभीत हो गए और इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। नगर निगम फायर बिग्रेड कर्मियों ने करीब दो घंटे मेहनत कर आग पर काबू पाया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी कुछ शरारती तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया था लेकिन विरोध करने के बाद कुछ युवक मौके से फरार हो गए।
बर्न कंपनी के पीछे फिर लगी आग
कांचघर बर्नकंपनी के पीछे एक बार फिर आग भड़क गई। होली के पर्व के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने कचरे में आग लगी दी थी। नगर निगम फायर बिग्रेड को आग पर काबू पाने के लिए 12 गाड़ियां लगी थी। कल मंगलवार को भी रात 11.30 बजे आग लगने की सूचना पर पहंुचा नगर निगम फायर अमला उस वक्त हैरान हो गया कि होली पर्व के दौरान जिसे कचरे में आग लगी थी उसी कचरे फिर से आग धधक रही थी। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम फायर बिग्रेड को 3 गाड़ियों का इस्तेमाल करना पड़ा। बताया जा रहा है कि इससे पहले 3 बार भी बर्न कंपनी के पीछे आग लग चुकी है और यह आग करीब 7 एकड़ में फैल गई थी। जिसे काबू पाने के लिए नगर निगम फायर बिग्रेड कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। फायर बिग्रेड अधिकारियों का कहना है कि बर्न कंपनी के पीछे जानबूझकर आग लगाई जा रही है, अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि आग कैसे लग रही है जबकि आग लगने की घटना कोई पहली बार नहीं है।