युवती के आईफोन से खुलेंगे ड्रग्स तस्करी के तार

युवती के आईफोन से खुलेंगे ड्रग्स तस्करी के तार
– टीला जमालपुरा पुलिस ने शनिवार को युवती को एमडी ड्रग्स के साथ किया था गिरफ्तार
भोपाल यशभारत। एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्त में आइ युवती अक्सा खान के आईफोन के डेटा को पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। जल्द ही ड्रग्स तस्करी के तार खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अक्सा खान ने ड्रग्स की खेप कहां से लाई थी अैर इस खेप को कहां भेजने वाली थी। पुलिस आरोपी से और भी अन्य बिंदुओं पर पूछताछ करने में जुटी है। टीला जमालपुरा पुलिस ने अक्सा खान (25) निवासी 5-2 चित्रांश अपार्टमेंट बीडीए कॉलोनी कोहेफिजा को शनिवार को गिरफ्तार किया था युवती के पास से पार्स में 8 पारदर्शी पन्नियों में पैक 9 ग्राम एमडी ड्रग्स (सफेद पाउडर) और एपल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया था। जब्त किए गए मोबाइल की कीमत 1.52 लाख रुपए बताई जा रही है।
जोन थ्री के पुलिस उपायुक्त अभिनव चौकसे ने बताया कि आरोपी पर मादक पदार्थ और मोबाइल फोन को जब्त कर, एनडीपीएस एक्ट के तहत अक्सा खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस उसके स्थानीय नेटवर्क की तलाश कर रही है।
भोपाल में बढ़ रहे ड्रग्स के मामले
राजधानी भोपाल में पिछले कुछ वर्षों में एमडी और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी लगातार बढ़ी है। टीला जमालपुरा, हनुमानगंज, गौतम नगर और कोहेफिजा जैसे इलाकों में पहले भी इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच पुलिस ने भी ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया थ। पुलिस की जांच रिपोर्टों में पाया गया है कि युवाओं को पार्टी और फैशन कल्चर के माध्यम से ड्रग्स के जाल में फंसाया जा रहा है।
पुलिस का दावा अभियान चलाया जा रहा है
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि शहर में ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा गया है। साथ ही, युवाओं को ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस अब अक्सा खान से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह कितने समय से ड्रग्स की सप्लाई में शामिल थी और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि शहर में सक्रिय कुछ पुराने सप्लायरों से उसका संबंध हो सकता है।
पूछताछ की जा रही है
आरोपी महिला से कई जानकारी ली जा रही है, मोबाइल की जांच की चल रही है। जल्द ही पूरे रैकेट का खुलासा हो जाएगा। जो भी लोग इस रैकेट में शामिल है उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
– अभिनव चौकसे, पुलिस उपायुक्त जोन 3, भोपाल







