पद्मनाभ नगर वार्ड 69 में कचरा संकट गहराया हफ्तों तक नहीं हो रही सफाई, बदबू और गंदगी से रहवासी परेशान

पद्मनाभ नगर वार्ड 69 में कचरा संकट गहराया
हफ्तों तक नहीं हो रही सफाई, बदबू और गंदगी से रहवासी परेशान
भोपाल यश भारत। राजधानी के पद्मनाभ नगर स्थित वार्ड क्रमांक 69 में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था से स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं जिससे तेज बदबू फैल रही है और गंदगी का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी हफ्ते में एक बार भी नियमित रूप से कचरा उठाने नहीं पहुंचते। परिणामस्वरूप कचरा सड़कों और खाली जगहों पर जमा होता जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि शिकायत करने के बाद ही कभी कभार निगम की गाड़ियां पहुंचती हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और कचरा उठाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।







