परिजन ने मरीज का ऑक्सीजन पाइप निकालकर फेंका, मौत:हॉस्पिटल स्टाफ से बहस, वेंटिलेटर तोड़ा; आरोपी बोले- डॉक्टरों ने हमें पीटा

ग्वालियर में एक गंभीर मरीज के परिजन ने डॉक्टरों पर गुस्सा करते हुए वेंटिलेटर से ऑक्सीजन पाइप हटा दिया। ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज की मौत हो गई। मामला जया आरोग्य हॉस्पिटल (JAH) समूह के हजार बिस्तर वाले अस्पताल का है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस में की गई शिकायत में कहा गया है कि मरीज के परिजन ने वेंटिलेटर तोड़ डाला। डॉक्टरों से मारपीट की। स्टेथोस्कोप, बीपी मशीन और ईसीजी मशीन भी तोड़ दी। सरकारी दस्तावेज तक फाड़ दिए।
घटना शुक्रवार शाम की है। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, मरीज के बेटे का आरोप है कि ऑक्सीजन पाइप डॉक्टरों ने खींचा। हम लोगों के साथ मारपीट की। अस्पताल में डॉक्टरों को कौन मार सकता है। मरीज के दामाद केशव का कहना है कि हमें 10-15 डॉक्टरों ने बंधक बनाकर पीटा है।
डॉक्टर बोले- परिजन ने गुस्से में निकाला ऑक्सीजन पाइप
जया आरोग्य अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। इसी के कैम्पस में हजार बिस्तर का अस्पताल है। शुक्रवार शाम यहां मरीज की मौत के बाद काफी हंगामा हुआ। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रतीक बागड़े (28) ने कंपू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डॉ. बागड़े ने बताया कि दो दिन पहले 75 वर्षीय पातीराम पुत्र गनपतिया लाल को भर्ती किया गया था। उनकी हालत गंभीर थी। सांस भी नहीं ले पा रहे थे।
शुक्रवार शाम 5 बजे मरीज के कुछ परिजन उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी लेने आए थे। इसी समय मरीज की हालत और गंभीर हो गई। डॉक्टर और नर्स इलाज देने में लगे थे। ऑक्सीजन के लिए वेंटिलेटर से लगी पाइप मरीज की श्वांस नली में डाली जा चुकी थी। इतने में मरीज के परिजन पता नहीं किस बात पर नाराज हो गए। उन्होंने ऑक्सीजन पाइप निकालकर फेंक दिया। ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज की मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने मारपीट शुरू कर दी।