सुभाष नगर ब्रिज के नीचे खुदी पड़ी नाली बनी मुसीबत

सुभाष नगर ब्रिज के नीचे खुदी पड़ी नाली बनी मुसीबत
नगर निगम की लापरवाही से राहगीर बेहाल
भोपाल , यश भारत। राजधानी के वार्ड क्रमांक 44 (जोन 12) के अंतर्गत आने वाले सुभाष नगर ब्रिज के नीचे इन दिनों नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। सड़क पर नाली खोदकर कचरा बाहर निकाल दिया गया है, लेकिन उचित मरम्मत न होने और गंदगी के कारण यहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है।
खतरनाक स्थिति में मुख्य मार्ग
मिली जानकारी के अनुसार, ब्रिज के नीचे सड़क खोदकर नाली तो निकाल दी गई, लेकिन काम को अधूरा छोड़ दिया गया है। नाली से निकला कीचड़ और कचरा पूरी सड़क पर फैल गया है, जिससे न केवल दुर्गंध फैल रही है बल्कि सड़क पर फिसलन भी बढ़ गई है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह हिस्सा अब दुर्घटना जोन बन गया है। रात के समय अंधेरे में खुदी हुई नाली और बिखरा हुआ कचरा बड़े हादसों को न्योता दे रहा है।
शिकायतों के बाद भी मौन है प्रशासन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जोन 12 के अधिकारियों और वार्ड 44 के संबंधित अमले को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों में नगर निगम की इस कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि निगम सफाई के दावे तो बड़े-बड़े करता है, लेकिन मुख्य मार्ग की इस बदहाली पर किसी का ध्यान नहीं है।
इनका कहना है
सड़क पर फैला कीचड़ और खुदी हुई नाली वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी है। नगर निगम ने खोद तो दिया, लेकिन मरम्मत की सुध लेना भूल गए। रोज यहाँ लोग गिरते-बचते हैं।
रमेश यादव, स्थानीय नागरिक







