भोपालमध्य प्रदेश

राजधानी में चल रहा अवैध गैस रिफिलिंग का खतरनाक खेल

राजधानी में चल रहा अवैध गैस रिफिलिंग का खतरनाक खेल
– खाद्य विभाग का अमला कर रहा नजर अंदाज
– दमकल की तत्परता से बची सम्राट कॉलोनी की बस्ती
भोपाल यशभारत। अशोका गार्डन क्षेत्र स्थित सम्राट कॉलोनी में अवैध गैस रिफिलिंग में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी के कई इलाकों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई के नाम पर खाना पूर्ति की जा रही है। खाद्य विभाग के पास यह भी जानकारी नहीं कि कितने रिफिलिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। अशोकागार्डन में रविवार रात घटना के बाद से ही लोगों में दहशत बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान लपटों में घिर गई। दुकान में कई छोटे-बड़े गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें कुछ भरे हुए और कुछ खाली थे। समय रहते नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग की दुकान को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
राजधानी में अवैध गैस रिफिलिंग का खतरनाक खेल चल रहा है, लेकिन खाद्य विभाग का अमला इसे नजर अंदाज कर रहा है। हालत यह है कि घनी बस्ती इलाके में अवैध रूप से चल रहे गैस रिफिलिंग सेंटरों पर विभाग कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि दो रिफिलिंग सेंटरों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले दुकान के अंदर से धमाके जैसी आवाज आई और फिर आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। मौके पर अशोका गार्डन व पुलपाटन फायर स्टेशन की टीमों ने पानी और फोम की मदद से आग पर नियंत्रण पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्य
दुकान में बिना अनुमति गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार चल रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घरेलू सिलेंडरों से छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा था। आग लगने की वजह गैस रिसाव या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान पूरी तरह जल गई। निवासियों ने कहा कि यह कारोबार पूरे इलाके के लिए खतरा बन चुका है, क्योंकि किसी भी समय बड़ा विस्फोट हो सकता है।
पुलिस ने जांच शुरू
पुलिस ने अशोका गार्डन पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग दुकानों की जांच कर उन्हें सील किया जाएगा। फिलहाल आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की कई अवैध गैस रिफिलिंग दुकानों का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
– चंद्रभान सिंह जादौन, जिला खाद्य अधिकारी, भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button