उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं की सीएम ने की समीक्षा मैदानी गतिविधियों में तेजी लाने और किसानों को अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश

उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं की सीएम ने की समीक्षा
मैदानी गतिविधियों में तेजी लाने और किसानों को अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश
भोपाल यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंत्रालय में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं और फील्ड स्तर पर संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और इसके माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही फील्ड स्तर पर निगरानी मजबूत कर योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के विस्तार मूल्य संवर्धन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नवाचारों को बढ़ावा देते हुए आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाएं ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।







