चिनार ड्रीम सिटी में 10 दिन से लापता बुजुर्ग का शव लिफ्ट की डक्ट में मिला

चिनार ड्रीम सिटी में 10 दिन से लापता बुजुर्ग का शव लिफ्ट की डक्ट में मिला
10 दिनों तक शव के ऊपर ही चलती रही लिफ्ट, तेज बदबू आने पर हुआ खुलासा; पुलिस जांच में जुटी
भोपाल,यशभारत। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र के चिनार ड्रीम सिटी में सुरक्षा और मेंटेनेंस की एक बड़ी लापरवाही ने 77 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। पिछले 10 दिनों से लापता प्रीतम गिरी का शव रविवार को उसी बिल्डिंग की लिफ्ट के गड्ढे (डक्ट) में क्षत-विक्षत हालत में मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब एक सप्ताह से अधिक समय तक लिफ्ट का संचालन होता रहा और शव नीचे कुचलता रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
मिली जानकारी के अनुसार, तीसरी मंजिल पर रहने वाले प्रीतम गिरी 6 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे मंडीदीप जाने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वे शाम तक नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मिसरोद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिजन पिछले 10 दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में उन्हें तलाश रहे थे, जबकि उनका शव घर के पास ही लिफ्ट के बेसमेंट में पड़ा था। बीती रात लिफ्ट के पास से असहनीय दुर्गंध आने लगी। रहवासियों की शिकायत पर जब मेंटेनेंस स्टाफ और लिफ्ट सुधारने वाले कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने टॉर्च की रोशनी में लिफ्ट के निचले हिस्से (पिट) की जांच की। वहां बुजुर्ग का शव देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि लिफ्ट में कोई तकनीकी खराबी रही होगी। मुमकिन है कि बुजुर्ग ने जब बटन दबाया तो दरवाजा खुल गया, लेकिन लिफ्ट उस फ्लोर पर नहीं थी। अंधेरे या संतुलन बिगड़ने के कारण वे सीधे डक्ट में जा गिरे।






