
झूला बना जानलेवा, ‘नाव वाला झूला’ टूटकर गिरा; 15 छात्राएं घायल, मची अफरा-तफरी
चलते-चलते भरभराकर गिरा झूला
मध्य प्रदेश के झाबुआ शहर में उत्कृष्ट मैदान में आयोजित 20 दिवसीय ‘महाराज नो मेलो’ के दौरान सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मेले का प्रमुख आकर्षण रहा ‘नाव वाला झूला’ लोगों को झुलाते समय अचानक अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
झूले में सवार लोगों में पिछली तरफ बैठी करीब 15 छात्राएं घायल हो गईं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायल छात्राएं उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झूले पर क्षमता से अधिक बच्चों के बैठने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, एडीएम भास्कर गाचले, तहसीलदार सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
चलते-चलते भरभराकर गिरा झूला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूला सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ा और झूला गिर गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मेला परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि झाबुआ में दिवंगत आदिवासी संत खूमसिंह महाराज की स्मृति में पिछले छह वर्षों से स्थानीय हिंदूवादी संगठन इस मेले का आयोजन कर रहे हैं। यह मेला हर साल 1 जनवरी से 20 जनवरी तक आयोजित होता है, जिसमें मनोरंजन के लिए 5 बड़े और करीब 25 छोटे झूले लगाए जाते हैं। यहां ग्रामीण और शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।







