देश

बलवा कर हत्या करने वाला फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में फरार चल रहा ₹5,000 का इनामी आरोपी फुलवर भाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 5 अक्टूबर 2025 की रात हुई ईश्वर प्रसाद वंशकार की हत्या के मामले में घटना के बाद से फरार था।
थाना प्रभारी माढ़ोताल नीलेश दोहरे ने बताया कि 5 अक्टूबर की रात राजीव गांधी नगर निवासी ईश्वर प्रसाद वंशकार (उम्र 39 वर्ष) अपने मोहल्ले के लोगों के साथ हनुमानताल जा रहे थे। रात लगभग 11 बजे जब वे शिब्बू सेठ के टॉंल के पास पहुंचे, तो ईश्वर प्रसाद गुटखा लेने बगल की गली में गए, जहां पहले से मौजूद फुलवर भाट, अरुण भाट, अरुण जैन, राज भाट और शिवम चक्रवर्ती ने बिना वजह उन पर तलवार, पाइप और लाठी से हमला कर दिया।
घायलावस्था में ईश्वर प्रसाद को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1), 191(2), 191(3) बी.एन.एस. तथा 3(2)(v), 3(2)(v)(a) एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि फुलवर भाट घटना के बाद से फरार था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की तलाश में नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल श्री बी.एस. गोठरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि फुलवर भाट पाटन बायपास पर कहीं बाहर भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी में विशेष भूमिका
नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया के नेतृत्व में गठित टीम में उप निरीक्षक गणपत मर्सकोले, प्रधान आरक्षक तरुण, आरक्षक सचिन मेहरा, निकेश, संदीप, दिलीप, विवेक तिवारी और रतन उईके की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button