भीषण सड़क हादसा: ढलान पर ब्रेक ने दिया धोखा, खड़े ट्रक में घुसा भारी वाहन, 1 की मौत और 2 गंभीर

रीवा । जिले के सोहागी थाना क्षेत्र की सोहागी घाटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ब्रेक फेल होने से तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। इस भीषण हादसे में हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खड़े ट्रक में काम कर रहे 2 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे के दौरान चालक उसमें फंस गया।
बताया जा रहा है कि सोहागी घाटी में एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसमें सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान रीवा की ओर से सोहागी की तरफ जा रहे हाईवा का अचानक ब्रेक फेल हो गया।
चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हाईवा सीधे खड़े ट्रक से टकरा गया।टक्कर के बाद हाईवा की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसी में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में काम कर रहे 2 लोग भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर हाईवा में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।







