महिला वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत के साथ शुरुआत
श्रीलंका को डकवर्थ लुईस नियम से 59 रनों से हराया

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को श्रीलंका को 59 रनों से हरा दिया। श्रीलंकाई टीम को 271 रनों का टारगेट मिला था जो वह बना नहीं सकी और 45.4 ओवरों में 211 रन बनाकर ऑल आउट हो गईं। दीप्ति ने भारत के लिए तीन विकेट लिए। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 43 रन कप्तान चमारी अटापट्टू ने बनाए।
टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 ओवरों में आठ विकेट खोकर 269 रन बनाए थे। डकवर्थ लुइस नियम के तहत श्रीलंका को 271 रनों का टारगेट मिला है क्योंकि मैच में दो बार बारिश ने खलल डाला था और इसलिए 47 ओवर प्रति पारी मैच किया गया।
भारतीय टीम का एक समय 250 रन बनाना भी काफी मुश्किल लग रहा था, लेकिन अमनजोत कौर और दीप्ति शर्मा के अर्धशतकों और अंत में स्नेह राणा की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने ये स्कोर खड़ा किया। अमनजोत ने 56 गेंदों पर 57 रन बनाए। दीप्ति 53 गेंदों पर 53 रन बनाकर नाबाद रहीं। राणा ने 15 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए।







