भोपालमध्य प्रदेश

प्रमुख स्टेशनों पर सख्त भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रमुख स्टेशनों पर सख्त भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भोपाल, यश भारत। होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने व्यापक और बहुस्तरीय भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू कर दी है। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति, इटारसी जंक्शन और बीना जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
रेल प्रशासन ने टिकटिंग व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सभी टिकट खिड़कियों, आरक्षण काउंटरों और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखा है। अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ के दबाव में किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति न बने।
सघन टिकट जांच और नियंत्रित प्रवेश
होली अवधि में स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ जमा न हो, इसके लिए टिकट जांच को मुख्य द्वारों पर केंद्रित किया गया है। अनधिकृत प्रवेश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त एस्कॉर्टिंग की व्यवस्था की गई है। कोचों की सुरक्षा और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जा रही है।
यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान
प्लेटफॉर्म परिवर्तन की स्थिति में समय से सूचना देने और बार-बार उद्घोषणा की व्यवस्था की गई है। लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, कोच गाइडेंस प्रणाली और सार्वजनिक उद्घोषणा तंत्र का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही होली स्पेशल ट्रेनों की समय पर घोषणा और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से यात्रियों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
भोपाल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, अनधिकृत रूप से प्लेटफॉर्म में प्रवेश न करें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी यात्री सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में होली का पर्व मना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button