अशोका गार्डन हत्याकांड में सख्त एक्शन, दोषियों पर बुल्डोजर कार्रवाई के निर्देश, पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा

अशोका गार्डन हत्याकांड में सख्त एक्शन, दोषियों पर बुल्डोजर कार्रवाई के निर्देश, पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा
भोपाल यश भारत। राजधानी के अशोका गार्डन क्षेत्र में होटल संचालक विजय मेवाड़ा की हत्या के मामले में मंत्री विश्वास सारंग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री विश्वास सारंग ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र के बदमाशों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आरोपियों के अवैध मकानों पर बुल्डोजर चलाने और डोर-टू-डोर सर्च अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ित परिवार को सहारा देते हुए मंत्री ने विजय मेवाड़ा की दोनों बेटियों की पढ़ाई का जिम्मा उठाने की घोषणा की। साथ ही दोनों बेटियों के नाम 50,50 हजार रुपये की एफडी कराने की बात कही। उन्होंने विजय की पत्नी को नौकरी दिलाने का भी आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि होटल संचालक विजय मेवाड़ा ने आरोपी आसिफ को बेटे की तरह समझाने की कोशिश की थी इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है वहीं प्रशासन ने मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।







