भोपालमध्य प्रदेश

सड़कों पर खौफ फैलाने वाला सिरफिरा गिरफ्तार, पत्नी से विवाद के बाद युवतियों को बनाता था निशाना

सड़कों पर खौफ फैलाने वाला सिरफिरा गिरफ्तार, पत्नी से विवाद के बाद युवतियों को बनाता था निशाना

​भोपाल,यशभारत। राजधानी की सड़कों पर पिछले एक हफ्ते से राह चलती युवतियों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने अंततः गिरफ्तार कर लिया है। सागर का रहने वाला यह आरोपी अयोध्या नगर इलाके में एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, तभी मुस्तैद पुलिस ने उसे धर दबोचा।

25 टीमों ने 6 दिन तक की खाक छाननी
मिली जानकारी के अनुसार​शहर में लगातार हुई तीन वारदातों ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने 25 विशेष टीमें गठित की थीं। करीब 6 दिनों तक सीसीटीवी कैमरों की खाक छानने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुँचने में कामयाब रही। आरोपी की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह अयोध्या नगर क्षेत्र में चौथी वारदात की योजना बना रहा था।

​सनक की वजह: पत्नी से झगड़ा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव और गुस्से में था। इसी सनक में उसने सड़क पर चलने वाली अनजान युवतियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया ताकि वह अपना गुस्सा निकाल सके। आरोपी के पास से हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के आला अधिकारी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपी के पिछले रिकॉर्ड और वारदातों के तरीके का विस्तृत विवरण साझा करेंगे। इस गिरफ्तारी के बाद शहर की महिलाओं और छात्राओं ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button