कहीं आग उगलेगा आसमान,कहीं बरसात से ठंडा तापमान
धूप और बरसात की आंख-मिचौली

कहीं आग उगलेगा आसमान,कहीं बरसात से ठंडा तापमान
धूप और बरसात की आंख-मिचौली
मुंबई, यश भारत महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज लगातार बदलता दिखाई दे रहा है। कल कहीं आसमान आग उगलता नजर आएगा तो कहीं बारिश की फुहारें तापमान को ठंडा कर देंगी। इसी धूप और बरसात की आंख-मिचौली के बीच भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के लिए बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में कड़ी धूप तो कई जगहों पर असमय बारिश की संभावना बनी हुई है।
राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी भी अपना तेवर दिखा रही है। कोकण क्षेत्र में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड में गर्मी की चेतावनी दी गई है। पिछले कुछ दिनों से कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचता दिखाई दे रहा है। जलगांव, वाशिम और चंद्रपुर जैसे शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई हिस्सों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। धाराशिव, बीड, गोंदिया, गडचिरोली, भंडारा, सोलापुर, सांगली और सातारा जिलों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है।






