भोपाल

बहन से राखी बंधवाने नागपुर से आए सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नहर में डूबने से मौत -दोस्तों के साथ नहाते वक्त पैर फिसलने से हुआ हादसा

बहन से राखी बंधवाने नागपुर से आए सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नहर में डूबने से मौत
-दोस्तों के साथ नहाते वक्त पैर फिसलने से हुआ हादसा, आज वापस लौटना था नागपुर
भोपाल, यशभारत।
राजधानी से लगे कोलार डेम की नहर में डूबने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। वह रक्षाबंधन पर अपनी बहन से राखी बधंवाने नागपुर से भोपाल आया था। आज उसे वापस नागपुर लौटना था, इससे पहले वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोलार डेम पहुंचा था। जहां पर नहाते वक्त पैर फिसलने से वह गहराई में चला गया और तैरना न आने के कारण डूब गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। फिलहाल कोलार थाना पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर केस डायरी सीहोर पुलिस को भेजने की तैयारी कर ली है। घटना स्थल सीहोर जिले में आता है।
पुलिस के मुताबिक अमराई बागसेवनिया निवासी कृष्णा सिंह पुत्र उमेश सिंह (27) नागपुर की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग था। रक्षाबंधन पर वह घर नहीं आ पाया था। इस कारण छुट्टी मिलने पर 15 अगस्त को बहन से राखी बंधवाने भोपाल पहुंचा था। इसके बाद वह भोपाल में ही रूक गया। सोमवार को उनसा नागपुर वापसी का टिकट था, लेकिन उससे पहले रविवार को दोस्तों के कहने पर पिकनिक पर जाने के लिए राजी हो गया। वह अपने चार करीबी दोस्तों के साथ कजलीखेड़ा स्थित कोलार डेम की नहर में नहाने पहुंचा था।

पांव फिसलने से गहरे पानी में डूबा:-

दोस्तों के साथ नहाते समय कृष्णा का पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था और उसके साथ गए चारों दोस्त भी तैरना नहीं जानते थे। इसी कारण कृष्णा उनकी आंखों के सामने गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से देर रात कृष्णा शव बरामद किया। जहां पर हादसा हुआ, वह क्षेत्र सीहोर जिले के अंतर्गत आता है। इस कारण पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम करने और पीएम कराने के बाद केस डायरी सीहोर पुलिस को भेजने की तैयारी कर ली है। आगे की जांच सीहोर पुलिस करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button