भोपालमध्य प्रदेश

हाईटेक दावों के बीच स्मार्ट भोपाल पुलिस की बड़ी चूक

हाईटेक दावों के बीच स्मार्ट भोपाल पुलिस की बड़ी चूक

हबीबगंज थाने के बोर्ड पर गलत एसटीडी कोड, परेशान हो रही जनता
भोपाल, यशभारत। राजधानी में पुलिस को अत्याधुनिक और हाईटेक बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण थानों में शुमार हबीबगंज थाने के बाहर लगा एक ग्लो-साइन बोर्ड इन दिनों पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।

भोपाल की जगह बिलासपुर का कोड!
हैरानी की बात यह है कि थाने के मुख्य द्वार पर लगे इस बोर्ड पर भोपाल का सही एसटीडी कोड 0755 लिखने के बजाय 0775 अंकित कर दिया गया है। गौरतलब है कि 0775 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का कोड है। पुलिस की इस तकनीकी लापरवाही के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

संपर्क नहीं कर पा रहे लोग
थाने आने वाले फरियादी या राहगीर आपातकालीन स्थिति के लिए बोर्ड पर लिखा नंबर नोट तो कर लेते हैं, लेकिन जब वे उस पर कॉल करते हैं, तो नंबर अमान्य या सेवा में नहीं बताता है। इससे न केवल लोगों का समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि आपात स्थिति में पुलिस से मदद मिलना भी मुश्किल हो गया है।

एजेंसी पर फोड़ा ठीकरा
जब इस गंभीर लापरवाही को लेकर एसीपी उमेश तिवारी से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि मामला संज्ञान में आया है। हालांकि, उन्होंने इस गलती का ठीकरा बोर्ड बनाने वाली एजेंसी पर फोड़ते हुए कहा। यह गलती पुलिस की नहीं, बल्कि बोर्ड बनाने वाली एजेंसी की है। हमने इसे ठीक करने के निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही नया बोर्ड लगाया जाएगा।

सवालिया घेरे में स्मार्ट पुलिसिंग
भले ही अधिकारी इसे एजेंसी की गलती बता रहे हों, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या बोर्ड लगने से पहले किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने उसे चेक करना जरूरी नहीं समझा? शहर के बीचों-बीच स्थित थाने की नाक के नीचे महीनों से गलत नंबर लिखा होना पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button