
विदेश में बैठे आरजू, बॉक्सर और शुभम कर रहे हैं बिश्नोई नेटवर्क का संचालन
मुंबई यश भारत । मायानगरी, जहां सपनों और सितारों की चमक बिखरी रहती है, इन दिनों भय के साए में नजर आ रही है। हाल ही में प्रख्यात फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद एक नाम तेजी से चर्चा में आया है शुभम लोनकर। उसे कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य और भरोसेमंद सहयोगी बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बीते कुछ समय से फिल्म उद्योग से जुड़ी प्रमुख हस्तियों से कथित तौर पर रंगदारी की मांग की जा रही है। धमकी भरे संदेशों और फायरिंग जैसी घटनाओं के जरिए दहशत फैलाने की कोशिशें सामने आई हैं। रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, इसके बावजूद उसके गिरोह की गतिविधियां देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय बताई जा रही हैं। विदेश में बैठा उसका सहयोगी आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और शुभम लोनकर कथित रूप से इस नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं। मुंबई सहित कई महानगरों में गिरोह के सक्रिय सदस्यों द्वारा भय का माहौल बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि मुख्य शूटर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर महानगर की कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







