दूसरी बार दूल्हा बनने जा रहे शिखर धवन, हल्दी और चूड़ा सेरेमनी की तस्वीरें आईं सामने
फैंस को कपल की शादी की तारीख का इंतजार

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज शिखर धवन एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि वह अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ दूसरी शादी करने जा रहे हैं। पिछले महीने दोनों की सगाई के बाद से ही फैंस उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और अब शादी की रस्में भी शुरू हो चुकी हैं।
हाल ही में कपल की संगीत सेरेमनी आयोजित की गई थी, जिसके बाद अब हल्दी और चूड़ा सेरेमनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इन तस्वीरों में शिखर और सोफी के बीच खास बॉन्डिंग और रोमांटिक अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

हल्दी समारोह में सोफी शाइन पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आईं। उन्होंने लाल रंग का लहंगा और स्लीवलेस चोली पहनी थी, जिसे पीले दुपट्टे के साथ स्टाइल किया गया था। इसके साथ ही उन्होंने ग्रीन ईयररिंग्स पहनकर अपने लुक को और भी आकर्षक बनाया। खास बात यह रही कि इस हल्दी सेरेमनी में पारंपरिक हल्दी की जगह पीले फूलों का इस्तेमाल किया गया, जिससे समारोह को एक अलग और खूबसूरत अंदाज मिला।

चूड़ा सेरेमनी की तस्वीरों में सोफी अपने हाथों में चूड़ा और कलीरे फ्लॉन्ट करती नजर आईं। वहीं एक अन्य तस्वीर में वह व्हाइट कुर्ता-पायजामा और येलो नेहरू जैकेट पहने शिखर धवन के साथ पोज देती दिखाई दीं। दोनों की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उन्हें नए जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
शादी की इन रस्मों की झलक सामने आने के बाद अब फैंस को कपल की शादी की तारीख का इंतजार है। बताया जा रहा है कि जल्द ही दोनों विवाह बंधन में बंध सकते हैं।







