
15 हजार की रिश्वत लेते सरपंच रंगे हाथ गिरफ्तार, टपरिया सुधारने के बदले मांगे थे पैसे
EOW की बड़ी कार्रवाई
सिवनी। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत पलारी, जिला सिवनी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच गांव के एक गरीब व्यक्ति से उसकी टपरिया (झोपड़ी) में सुधार कार्य करने देने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार आवेदक शिवचरण नागवंशी (40 वर्ष), निवासी जान्हवी नगर, चुनाभट्टी के पास, ग्राम पलारी, जिला सिवनी ने 2 मार्च 2026 को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह पिछले 4–5 वर्षों से ग्राम पलारी में टपरिया बनाकर रह रहा है और उसके पास रहने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। जब उसने अपनी टपरिया में कुछ सुधार कार्य कराने की कोशिश की, तो गांव के सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने काम न रोकने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
EOW ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद सोमवार 9 मार्च 2026 को ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सिवनी बस स्टैंड के पास सरपंच को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से पूरी रिश्वत राशि भी बरामद कर ली।
आरोपी रामगोपाल डेहरिया (32 वर्ष), पिता स्व. बसोड़ीलाल डेहरिया, सरपंच ग्राम पंचायत पलारी, जिला सिवनी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







