लुधियाना वेस्ट में संजीव अरोड़ा आगे… गुजरात की विसावदर सीट पर भी AAP को बढ़त, 4 राज्यों की पांच सीटों पर मतगणना जारी

लुधियाना वेस्ट में संजीव अरोड़ा आगे… गुजरात की विसावदर सीट पर भी AAP को बढ़त, 4 राज्यों की पांच सीटों पर मतगणना जारी
पंजाब की लुधियान वेस्ट समेत चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे. सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है. चुनाव आयोग (ECI) ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और सुचारू मतगणना प्रक्रिया के लिए व्यापक व्यवस्था की है.
चुनाव आयोग के अनुसार, लुधियाना वेस्ट सीट पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा आगे चल रहे हैं. गुजरात के विसावदर में भी AAP उम्मीदवार गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं तो कड़ी में बीजेपी उम्मीदवार राजेंद्र छाबड़ा ने बढ़त बना ली है. इसके अलावा केरल के नीलांबुर में कांग्रेस प्रत्याशी आर्यदान शौकत आगे चल रहे हैं.कांग्रेस उम्मीदवार CPIM के एम स्वराज से 212 वोटों से आगे चल रहे हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC की उम्मीदवार अलीफा अहमद आगे चल रही हैं.
गुरुवार को पंजाब की लुधियाना वेस्ट, पश्चिम बंगाल की कालीगंज, गुजरात की विदासवर-कादी और केरल की निलाम्बुर समेत पांच विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था. लुधियाना वेस्ट सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए बेहद खास है, क्योंकि AAP ने इस सीट से अपने राज्यसभा सांसद और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है. जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु, बीजेपी ने जीवन गुप्ता और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने परुपकर सिंह घुमन को मैदान में उतारा है.
इन उपचुनावों की जरूरत गुजरात, पश्चिम बंगाल और पंजाब की एक-एक सीट पर वहां के मौजूदा विधायकों के निधन के कारण पड़ी, जबकि केरल और गुजरात की एक अन्य सीट पर विधायकों के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव कराए गए. चुनाव आयोग ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की और अब सभी की निगाहें नतीजों पर टिकी हैं.







