भोपालमध्य प्रदेश

समधी ने महिला गार्ड से किया रेप, एजेंसी संचालक को झूठे केस में फंसाने का बनाया दबाव

समधी ने महिला गार्ड से किया रेप, एजेंसी संचालक को झूठे केस में फंसाने का बनाया दबाव

शादी का झांसा देकर 8 महीने से कर रहा था शोषण

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मिसरोद इलाके में एक महिला सुरक्षाकर्मी के साथ उसके ही समधी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी न केवल पीड़िता का शारीरिक शोषण कर रहा था, बल्कि वह उसे अपनी ही सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक पर रेप और एट्रोसिटी एक्ट का झूठा केस दर्ज कराने के लिए भी मजबूर कर रहा था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी का झांसा देकर शुरू किया शोषण
पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय पीड़िता एक प्राइवेट एजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड है। पीड़िता का पति अपहरण के एक मामले में जेल में है। इसी का फायदा उठाकर उसके बेटे के ससुर (समधी), जो खुद भी सिक्योरिटी गार्ड है, ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। आरोपी की पत्नी का निधन हो चुका है, इसलिए उसने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया और कहा कि तुम्हारा पति अब जेल से नहीं छूटेगा, मुझसे शादी कर लो, अच्छी नौकरी दिला दूंगा। इसके बाद वह पिछले 8 महीनों से महिला का यौन शोषण कर रहा था।

ब्लैकमेलिंग की रची खतरनाक साजिश
कुछ समय बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया। वह पीड़िता से पैसों की मांग करने लगा। आरोपी ने योजना बनाई थी कि पीड़िता अपनी सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक (बॉस) के खिलाफ दुष्कर्म और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) के तहत झूठी शिकायत दर्ज कराए। उसका मकसद संचालक को डराकर मोटी रकम वसूलना था।

मना करने पर दी बदनामी की धमकी
जब पीड़िता ने किसी निर्दोष को फंसाने और ब्लैकमेलिंग के इस खेल में शामिल होने से इनकार कर दिया, तो आरोपी उसे बदनाम करने की धमकियां देने लगा। आरोपी लगातार दबाव बना रहा था कि वह पैसे कमाकर उसे दे। आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार महिला ने मिसरोद थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।

पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पीड़िता पर झूठा केस दर्ज कराने का दबाव बना रहा था। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button