पारिवारिक कलह के चलते सेल्समैन ने की आत्महत्या, शराब के नशे में घर पहुंचा था युवक

पारिवारिक कलह के चलते सेल्समैन ने की आत्महत्या, शराब के नशे में घर पहुंचा था युवक
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ सीटीओ क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान विशाल अहिरवार पिता प्रताप अहिरवार के रूप में हुई है, जो एक निजी कपड़े की दुकान में सेल्समैन का काम करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विशाल शनिवार रात शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। नशे की हालत को लेकर उसकी पत्नी ने उसे समझाने का प्रयास किया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद विशाल ने गुस्से में आकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा, जहाँ विशाल फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बैरागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा। तलाशी के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। रविवार सुबह हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।







