अपराध से ज्यादा खतरनाक हैं सड़क हादसे, हेलमेट बचा सकता है जान: पुलिस कमिश्नर

अपराध से ज्यादा खतरनाक हैं सड़क हादसे, हेलमेट बचा सकता है जान: पुलिस कमिश्नर
सीपी संजय कुमार ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, संकरी गलियों में गश्त बढ़ाने के निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नागरिकों से रूबरू होते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा पर जताई चिंता
संवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर ने एक गंभीर तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्तमान में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु की दर, आपराधिक घटनाओं की तुलना में कई गुना अधिक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट को बोझ न समझें, बल्कि इसे जीवन रक्षा का कवच मानें।
गलियों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
क्षेत्रीय निवासियों द्वारा सुरक्षा और असामाजिक तत्वों की आवाजाही की शिकायत पर कमिश्नर ने बागसेवनिया की संकरी गलियों में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शाम के समय चार्ली पेट्रोलिंग को नियमित रूप से चक्कर लगाने और संदिग्धों पर नजर रखने को कहा।
नशे और अवैध हथियारों पर प्रहार
सीपी ने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने जनता से सहयोग मांगते हुए कहा, ऐसे तत्वों की जानकारी गोपनीय रूप से डायल 112 या अन्य माध्यमों से पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
साइबर ठगी के नए पैंतरे से रहें सावधान
साइबर अपराधों पर चर्चा करते हुए उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि ठग अब केवल ओटीपी ही नहीं मांगते, बल्कि घर बैठे अधिक मुनाफे का लालच देकर भी लोगों की जमापूंजी साफ कर रहे हैं। किसी भी अनजान लिंक या लुभावने ऑफर पर भरोसा न करने की सलाह दी गई।
सुरक्षित शहर के लिए पुलिस-जनता का साथ जरूरी
जनसंवाद के अंत में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि एक सुरक्षित शहर की नींव पुलिस और जनता के बीच अटूट विश्वास और सहयोग पर टिकी है। जब नागरिक जागरूक होकर पुलिस की आंख-कान बनेंगे, तभी अपराध मुक्त समाज का सपना साकार होगा।







